पटना। राजधानी पटना में शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कोतवाली थाना पुलिस ने एक युवती को कथित तौर पर अवैध अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, युवती को पटना जंक्शन के पास से पकड़ा गया। उसके पास मौजूद हैंड बैग और शोल्डर बैग की तलाशी लेने पर लगभग 14 हजार रुपये कीमत की आधा दर्जन से अधिक ब्रांडेड अंग्रेजी शराब की बोतलें बरामद होने की बात कही गई है।
पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई। सूचना मिलने के बाद कोतवाली थाना पुलिस ने पटना जंक्शन के आसपास निगरानी बढ़ाई। इसी दौरान बाइक से जा रही युवती और उसके साथियों को रोककर जांच की गई। तलाशी के दौरान उसके दोनों बैग से शराब की बोतलें बरामद हुईं। इसके बाद शराब की खेप को जब्त कर युवती को पूछताछ के लिए कोतवाली थाना लाया गया।
पुलिस की पूछताछ में युवती ने कथित तौर पर बताया कि उसे रुपयों का लालच देकर उसके एक परिचित ने उत्तर प्रदेश से शराब की खेप पटना लाने के लिए कहा था। युवती पटना की रहने वाली बताई जा रही है और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही है। पूछताछ में उसने पुलिस को यह भी बताया कि वह पहली बार इस तरह के मामले में शामिल हुई है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे पटना में किसे पहुंचाया जाना था। साथ ही युवती के साथ मौजूद लोगों और इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
मामले को लेकर ASP लॉ एंड ऑर्डर, कोतवाली पटना कृष्ण मुरारी प्रसाद ने बताया कि पुलिस ने कार्रवाई करते हुए युवती को शराब के साथ पकड़ा है। बरामद शराब को जब्त कर लिया गया है और मामले में आगे की जांच की जा रही है।
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि युवती द्वारा पूछताछ में दी गई जानकारी कितनी सही है और शराब तस्करी के पीछे कौन-कौन लोग सक्रिय हैं। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस ने बरामद शराब को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि शराब तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए पूछताछ और जांच जारी है।
पुलिस द्वारा लगाए गए आरोपों और पूछताछ में सामने आई जानकारी की अंतिम पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।
रिपोर्ट: रमण कुमार | लोकेशन: पटना









