बुढ़ाना। भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के नेतृत्व में किसानों और व्यापारियों ने उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की बुढ़ाना शाखा पर बैंक खातों से कथित गबन और फ्रॉड के मामले को लेकर धरना प्रदर्शन किया। धरने का नेतृत्व किसान नेता ठाकुर कुशलवीर सिंह ने किया।
किसान नेता ने आरोप लगाया कि बैंक के कुछ खातों में कथित अनियमितताओं और फ्रॉड के चलते किसानों एवं व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। उन्होंने कहा कि कई खाताधारकों के परिवारों में बीमारी और शादी जैसे जरूरी खर्च सामने हैं, ऐसे में उनका पैसा नहीं मिल पाने से परेशानी बढ़ गई है।
मुजफ्फरनगर जिला अध्यक्ष मनोज सैनी ने कहा कि जरूरतमंद खाताधारकों का पैसा जल्द से जल्द उनके खातों में वापस किया जाना चाहिए।
सूचना मिलने पर उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय अधिकारी यूसुफ खान और बुढ़ाना कोतवाली प्रभारी सुभाष अत्रि पुलिस टीम के साथ धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने किसानों को संबंधित समस्याओं के जल्द समाधान का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने कहा कि खाताधारकों के पैसे की जांच कर नियमानुसार वापसी की कार्रवाई की जाएगी तथा प्रकरण में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी।
आश्वासन के बाद किसानों ने धरना समाप्त कर दिया। धरने की अध्यक्षता ठाकुर शीशपाल सिंह ने की, जबकि संचालन हरिओम भगत ने किया। इस दौरान सैकड़ों कार्यकर्ता और किसान मौजूद रहे।









