बुलंदशहर। जिले में कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने और अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए एसएसपी दिनेश कुमार के नेतृत्व में चलाए जा रहे ऑपरेशन लंगड़ा के तहत चोला पुलिस और स्वाट टीम को बड़ी सफलता मिली है। सिखेड़ा रोड के पास पुरानी फैक्ट्री के निकट पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया।
पुलिस ने घायल बदमाश समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की कॉम्बिंग जारी है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, जिंदा और खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं। इसके अलावा चोरी की गई पीतल की मूर्ति को पिघलाकर निकाला गया करीब 70 किलो पीतल भी बरामद होने की बात सामने आई है। पुलिस ने एक अपाचे बाइक और ऑल्टो कार को भी कब्जे में लिया है।
बताया जा रहा है कि 13 अगस्त को विवकाल कंपनी से पीतल की मूर्ति चोरी होने की घटना हुई थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी चोरी की मूर्ति को पिघलाकर निकाले गए पीतल को बेचने के लिए ले जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस और स्वाट टीम ने घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में शाहरून पर 10 मुकदमे, आसिफ पर दो मुकदमे, जबकि आमिर, फारुक और आसिफ पर एक-एक मुकदमा दर्ज है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश के साथ ही गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
यह कार्रवाई थाना चोला क्षेत्र में बुलंदशहर-सिखेड़ा रोड के पास पुरानी फैक्ट्री के निकट की गई।
रिपोर्ट: उदय यादव
स्थान: बुलंदशहर









