बिजनौर, उत्तर प्रदेश। जिले के चांदपुर वन रेंज के रहमानपुर जंगल में जंगली सूअर का शिकार करने के मामले में वन विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। टीम ने आरोपियों के कब्जे से एक टीवीएस विक्की, मृत जंगली सूअर का शव और मोबाइल फोन बरामद किया है। वहीं, मामले में शामिल बताए जा रहे 11 अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
वन रेंजर दुष्यंत सिंह के मुताबिक, कुछ लोग गन्ने के खेत में जाल लगाकर जंगली सूअर का शिकार कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से वन विभाग को सूचना मिली। सूचना मिलते ही टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की।
वन विभाग की टीम को देखकर आरोपियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर हरि पुत्र हरपाल और सुरेश, निवासी आदमपुर, थाना धनौरा, जिला अमरोहा, को गिरफ्तार कर लिया। मौके से शिकार में इस्तेमाल से संबंधित सामान और मृत जंगली सूअर का शव बरामद किया गया।
वन विभाग के अनुसार, इस मामले में 11 अन्य आरोपी भी वांछित हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए टीम लगातार प्रयास कर रही है। विभाग मामले से जुड़े तथ्यों की जांच करने के साथ ही आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटा है।
वन रेंजर दुष्यंत सिंह ने बताया कि वन्यजीवों के अवैध शिकार के मामलों में विभाग की ओर से कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।









