उन्नाव में प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर वसूली का आरोप, डीएम से शिकायत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

आवास दिलाने के लिए पहले पांच हजार, फिर 20 हजार रुपये मांगने का आरोप, जांच कर कार्रवाई की मांग

उन्नाव। जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर कथित अवैध वसूली का मामला सामने आया है। विकासखंड मियागंज की ग्राम पंचायत सिसई करेर में आवास दिलाने के नाम पर लाभार्थी से रुपये मांगने का आरोप लगाया गया है। मामले को लेकर नर सेवा-नारायण सेवा समिति ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

शिकायती पत्र के अनुसार, ग्राम पंचायत के एक लाभार्थी ने आरोप लगाया है कि प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के बदले उससे पांच हजार रुपये की मांग की गई। इसकी शिकायत मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर भी की गई, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका। आरोप है कि शिकायत करने के बाद उससे 20 हजार रुपये की मांग की जाने लगी।

नर सेवा-नारायण सेवा समिति के संस्थापक विमल द्विवेदी ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए संचालित सरकारी योजनाओं में इस तरह की कथित वसूली की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित ग्राम पंचायत अधिकारी सहित अन्य जिम्मेदार लोगों की भूमिका की जांच कराने की मांग की।

समिति ने प्रशासन से पूरे प्रकरण की जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई करने की अपील की है। वहीं, मामले में लगाए गए आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। संबंधित अधिकारियों का पक्ष भी सामने नहीं आया है। अब देखना होगा कि प्रशासन शिकायत पर क्या कार्रवाई करता है।

 

रिपोर्ट – निशानाथ पाण्डेय

और पढ़ें

[the_ad id="164"]