बाढ़ में टूटी सड़क पर विधायक की पहल, पांच गांवों को मिली बड़ी राहत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कुशीनगर। खड्डा क्षेत्र में बाढ़ के पानी से क्षतिग्रस्त हुई सड़क को लेकर ग्रामीणों की परेशानी अब दूर हो गई है। खड्डा से तुर्कहा होते हुए शाहपुर नौकाटोला और लक्ष्मीपुर पढ़रहवा जाने वाली पीडब्ल्यूडी की सड़क तुर्कहा नाला के पास टूट गई थी, जिससे करीब पांच गांवों का आवागमन प्रभावित हो गया था।

सड़क टूटने के बाद ग्रामीणों को खड्डा बाजार, विकासखंड कार्यालय और तहसील मुख्यालय पहुंचने के लिए लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा था। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों, मरीजों और रोजमर्रा के काम से आने-जाने वाले लोगों के साथ-साथ छोटे-बड़े वाहनों को हो रही थी।

ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए लक्ष्मीपुर पढ़रहवा के ग्राम प्रधान आनंद चौहान ने खड्डा विधायक विवेकानंद पांडेय से मुलाकात कर सड़क को तत्काल चालू कराने की मांग रखी। विधायक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई कर आवागमन बहाल कराने के निर्देश दिए।

विधायक के निर्देश के बाद सड़क पर राबिस डलवाकर रास्ते को अस्थायी रूप से आवागमन के लिए चालू करा दिया गया है। रास्ता खुलने से पांच गांवों के ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है और स्कूली बच्चों समेत वाहनों की आवाजाही फिर शुरू हो गई है।

वहीं, विधायक विवेकानंद पांडेय ने बताया कि सड़क के चौड़ीकरण की प्रक्रिया पहले ही पूरी हो चुकी है। जल्द ही स्थायी निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।

बाढ़ से टूटी सड़क ने जहां ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी थीं, वहीं विधायक की पहल के बाद फिलहाल अस्थायी रास्ता खुलने से लोगों को राहत मिली है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]