बिहार में बाढ़ की स्थिति को लेकर डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि फिलहाल बाढ़ के दबाव में थोड़ी राहत है, लेकिन कई जगह पानी अब भी खतरे के निशान से ऊपर है। विजय चौधरी ने नेपाल में बारिश को लेकर भी चिंता जताई है। वहीं MLC चुनाव को लेकर एनडीए के भीतर चल रहे टकराव पर भी उन्होंने प्रतिक्रिया दी है।
बिहार में बाढ़ के हालात को लेकर डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी ने कहा कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है… लेकिन खतरा पूरी तरह टला नहीं है।
उन्होंने कहा कि कई जगह अब भी पानी खतरे के निशान से ऊपर है। शुरुआती दिनों में बाढ़ का प्रकोप काफी ज्यादा था और भागलपुर में बेहद खतरनाक स्थिति बनी थी। लाखों लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं और निचले इलाकों में फसलों को भी नुकसान पहुंचा है।
विजय चौधरी ने बताया कि पटना में चार जगहों पर नया उच्चतम जलस्तर दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि इतिहास में इतना पानी पहले कभी नहीं आया। साथ ही चेतावनी दी कि अगर नेपाल में फिर जोरदार बारिश हुई तो हालात बदल सकते हैं।
वहीं MLC चुनाव को लेकर एनडीए के अंदर चल रहे टकराव और नेताओं के बयानों पर विजय चौधरी ने कहा कि ललन सिंह ने मामले में कार्रवाई की है और रास्ता भी बताया है। पार्टी पूरे मामले को देख रही है।
उन्होंने कहा कि ललन सिंह के संज्ञान में जो बातें आईं, उन्हें पार्टी के संज्ञान में लाया गया और विवाद को सुलझाने का प्रयास किया गया है। विजय चौधरी ने ललन सिंह के प्रयास के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि पार्टी को लग रहा है कि विवाद अब खत्म होने की ओर है।
MLC विवाद और ललन सिंह की पहल पर बयान।
यानी बाढ़ के हालात पर सरकार की नजर बनी हुई है, तो दूसरी तरफ MLC चुनाव को लेकर एनडीए के भीतर उठे विवाद को भी सुलझाने की कोशिश तेज हो गई है।
रिपोर्टर: रमण कुमार । पटना









