कन्नौज। जनपद कन्नौज में पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर शहीद पुलिस जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर वीर जवानों को नमन किया।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने शहीद जवानों की वीरता और शौर्य गाथा का उल्लेख करते हुए उनके सर्वोच्च बलिदान को याद किया। उन्होंने बताया कि 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में चीनी सैनिकों के हमले में शहीद हुए 10 पुलिसकर्मियों की स्मृति में प्रत्येक वर्ष 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है।
एसपी ने कहा कि देश की सुरक्षा, कानून व्यवस्था और जनता की सेवा करते हुए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले पुलिस जवानों का योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। उनका साहस, कर्तव्यनिष्ठा और देश के प्रति समर्पण सभी पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
इस अवसर पर जनपद के पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद रहे। कार्यक्रम के माध्यम से शहीदों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उनके त्याग और बलिदान को नमन किया गया।








