चंदौली। जगदीश सराय स्थित मैक्सवेल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में आयोजित बजरंग दल अभ्यास वर्ग का समापन रविवार को गरिमामय वातावरण में हुआ। समापन सत्र में युवाओं को राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, सेवा, संस्कार और सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में मैक्सवेल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के प्रबंध निदेशक, वरिष्ठ समाजसेवी एवं पूर्व सैनिक सेवा परिषद के संगठन मंत्री डॉ. कृष्णानंद पाण्डेय ने अतिथियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का स्वागत किया। उन्होंने अभ्यास वर्ग के आयोजन को युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूकता के लिए महत्वपूर्ण बताया।
समापन कार्यक्रम में काशी प्रांत बालोपासना प्रमुख देवानन्द चतुर्वेदी, काशी प्रांत गौ रक्षा प्रमुख आशुतोष सिंह, प्रांत मिलन प्रमुख तथा विश्व हिंदू परिषद चंदौली के जिला मंत्री शशी सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अभ्यास वर्ग के दौरान युवाओं को राष्ट्र एवं समाज के प्रति अपने दायित्वों के निर्वहन के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही सेवा, अनुशासन और संस्कारों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने पर जोर दिया गया। पदाधिकारियों ने युवाओं से राष्ट्रहित और समाजहित में निरंतर सक्रिय रहने तथा सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने का आह्वान किया।
समापन अवसर पर कार्यकर्ताओं ने राष्ट्र सेवा, धर्म रक्षा और समाज सेवा के संकल्प के साथ सामाजिक कार्यों में निरंतर योगदान देने का संदेश दिया।
अशोक कुमार जायसवाल









