फर्रुखाबाद । थाना कादरीगेट क्षेत्र में पुलिस ने अवैध रूप से जमा की गई आतिशबाजी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में विस्फोटक आतिशबाजी बरामद की है। पुलिस ने सूचना के आधार पर इटावा-बरेली हाईवे के समीप नारायणपुर स्थित एक गैराज में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस को आतिशबाजी के 11 कार्टून मिले, जिन्हें जब्त कर लिया गया।

बताया जा रहा है कि यह आतिशबाजी दीपावली के मद्देनजर गैराज में अवैध तरीके से जमा की गई थी। पुलिस के मुताबिक, भीड़भाड़ वाले इलाकों में बिना अनुमति बड़ी मात्रा में आतिशबाजी का भंडारण सुरक्षा के लिहाज से गंभीर खतरा हो सकता है। इससे आग लगने या विस्फोट जैसी घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
पुलिस की कार्रवाई के बाद अवैध रूप से आतिशबाजी का भंडारण करने वालों में हड़कंप मच गया। प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की जा रही है कि घरों और प्रतिष्ठानों में बड़ी मात्रा में विस्फोटक आतिशबाजी का अवैध भंडारण न करें। फिलहाल पुलिस बरामद आतिशबाजी को कब्जे में लेकर मामले की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।









