मेरठ में पत्नी पर प्रेमी संग पति की हत्या का आरोप है| हार्ट अटैक बताकर शव दफनाया गया, अब पोस्टमार्टम होगा|
प्रेमी के साथ मिलकर की पति की हत्या
मेरठ से रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है| प्रेमी के साथ मिलकर इलमा नाम की ब्यूटीशियन ने अपने पति को मौत के घाट उतार दिया| आरोप है कि महिला ने प्रेमी अमन और उसके एक साथी के साथ मिलकर पति तालिब की हत्या की और परिवार को गुमराह करने के लिए मौत की वजह हार्ट अटैक बताई| परिजनों ने उसकी बात पर भरोसा करते हुए शव को मुजफ्फरनगर के पैतृक गांव में दफना दिया था, लेकिन मामला तब संदिग्ध हुआ, जब परिजनों के हाथ शव की एक फोटो लगी| तस्वीर में तालिब की गर्दन पर चोट के निशान दिखाई दिए| इसके अलावा उसके मोबाइल से मिली एक वॉइस चैट ने भी परिवार का शक बढ़ा दिया|
पुलिस के मुताबिक, इस चैट में हत्या से करीब तीन दिन पहले अमन की ओर से तालिब को जान से मारने की धमकी दिए जाने का आरोप है| तालिब के भाई अकरम अली ने पुलिस को बताया कि तालिब जाकिर कॉलोनी में परिवार के साथ रहता था और मिस्त्री का काम करता था| करीब चार साल पहले उसकी शादी इलमा से हुई थी| दोनों की तीन साल की बेटी भी है|
मौत की वजह बताई हार्ट अटैक
28 सितंबर की रात परिवार को तालिब की मौत की जानकारी मिली घर पहुंचने पर शव पूरी तरह ढका हुआ था और इलमा ने हार्ट अटैक की बात कही| इसके बाद अगले दिन शव को मुजफ्फरनगर ले जाकर दफना दिया गया| बाद में परिजनों ने इलमा के व्यवहार और अमन के साथ उसकी कथित नजदीकी को लेकर भी जानकारी जुटाई|
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में इलमा ने तालिब की हत्या में अमन और उसके साथी के साथ शामिल होने की बात स्वीकार की| उसने पति पर मारपीट करने का आरोप भी लगाया है| अब डीएम की अनुमति के बाद मुजफ्फरनगर पुलिस की मदद से तालिब का शव कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम कराया जाएगा| अकरम की शिकायत पर इलमा और अमन के खिलाफ हत्या की धाराओं में केस दर्ज कर पुलिस आगे की जांच कर रही है|









