फरह में लाखों की चोरी, फर्नीचर कारोबारी के मकान को चोरों ने बनाया निशाना

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

थाने से महज 500 मीटर दूर हुई वारदात, नकदी और सोने-चांदी के आभूषण चोरी

फरह (मथुरा)। थाना फरह क्षेत्र की डॉ. वाली गली में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। चोरों ने फर्नीचर कारोबारी सुमित अग्रवाल के मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की नकदी और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। वारदात के समय परिवार वैष्णो देवी की यात्रा पर गया हुआ था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, परिवार की अनुपस्थिति में चोर छत के रास्ते मकान में दाखिल हुए। आरोप है कि चोरों ने जंगला काटकर घर में प्रवेश किया और 5 लाख 65 हजार रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण तथा CCTV कैमरों की DVR चोरी कर फरार हो गए।

घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि घटनास्थल थाना फरह से महज 500 मीटर की दूरी पर है। ऐसे में क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और रात्रि गश्त को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

स्थानीय स्तर पर थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का मुद्दा भी चर्चा में है। लोगों की निगाहें अब पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं कि चोरी की इस वारदात का खुलासा कब होगा और चोरी गया माल कब तक बरामद किया जाएगा।

फिलहाल, पुलिस की जांच और आधिकारिक पुष्टि के बाद ही घटना से जुड़ी अन्य जानकारियां स्पष्ट हो सकेंगी।



और पढ़ें

[the_ad id="164"]