प्रतापगढ़। आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के भाटी कला गांव में बुधवार दोपहर एक विवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, तबस्सुम पत्नी जाहिद ने बुधवार दोपहर करीब 11:40 बजे मायके में घर के पास स्थित चिलबिल के पेड़ से फंदा लगाकर जान दे दी। उसकी बहनों सोनम और पूनम ने तबस्सुम को फंदे पर लटका देखा तो शोर मचाया। परिजनों ने तत्काल उसे नीचे उतारा और पुलिस को सूचना दी।
मृतका के मायके वालों का आरोप है कि तबस्सुम को ससुराल में लगातार प्रताड़ित किया जाता था, जिसके चलते वह मानसिक रूप से परेशान थी। बताया गया कि घटना से करीब तीन दिन पहले उसका भाई उसे ससुराल कुटिया राइन से मायके लेकर आया था। तबस्सुम के पीछे तीन छोटे बच्चे हैं।
इनमें बड़ा बेटा करीब पांच साल, दूसरा बच्चा तीन साल और तीसरा करीब डेढ़ साल का बताया जा रहा है। घटना के बाद बच्चों और परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष राकेश चौरसिया के अनुसार, मायके पक्ष की ओर से ससुरालियों की प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या किए जाने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।









