कप्तानगंज में स्कूल में तोड़फोड़ के मामले में FIR, 17 नामजद समेत 100 अज्ञात पर केस

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कुशीनगर। कप्तानगंज कस्बे के सरस्वती विद्या मंदिर में छात्र की मौत के बाद हुई तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने FIR दर्ज की है। विद्यालय के प्रधानाचार्य की शिकायत पर मंगलवार देर शाम दर्ज मुकदमे में 17 लोगों को नामजद किया गया है, जबकि 100 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है।

दरअसल, 14 अगस्त को स्कूल में पानी पीने को लेकर दो छात्रों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद चकबंदी चौराहे के पास दो छात्र गुटों में मारपीट हो गई। मारपीट में करन साहनी नामक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसके सिर पर ईंट से चोट लगी थी और उसी दिन उसकी मौत हो गई।

छात्र की मौत की खबर के बाद बड़ी संख्या में लोग स्कूल परिसर में पहुंच गए। आरोप है कि भीड़ ने आरोपियों को छिपाने का आरोप लगाते हुए विद्यालय में तोड़फोड़ की। इस दौरान स्कूल की संपत्ति को नुकसान पहुंचाए जाने की बात सामने आई।

छात्र की मौत के मामले में मृतक की मां की शिकायत पर पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ पहले ही मुकदमा दर्ज किया जा चुका है। अब विद्यालय में हुई तोड़फोड़ के मामले में प्रधानाचार्य आशुतोष कुमार सैनी की शिकायत पर अलग FIR दर्ज की गई है।

FIR में राज साहनी, मोहन कुशवाहा, पिंटू साहनी, राहुल उर्फ गोबरी, किशन, ओमकार, अभिषेक, रमेश, गुलशन साहनी, सत्यम, रामचंद्र, नीरज, इंदु देवी, प्रिंस, प्रिंस गोंड और राहुल समेत 17 लोगों को नामजद किया गया है। इसके अलावा करीब 100 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है।

थानाध्यक्ष धीरेंद्र कुमार राय ने बताया कि प्रधानाचार्य की तहरीर के आधार पर FIR दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस CCTV फुटेज की मदद से घटना से जुड़े साक्ष्य जुटा रही है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]