प्रयागराज। शारदीय नवरात्र से पहले मां दुर्गा की प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने का काम तेजी से चल रहा है। शहर में जगह-जगह दुर्गा पूजा पंडालों में प्रतिमाएं स्थापित करने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। मां दुर्गा के आगमन को लेकर भक्तों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

इस बार मूर्तिकार तपस पाल के साथ इलाहाबाद विश्वविद्यालय के फाइन आर्ट के छात्र भी मां दुर्गा की प्रतिमाओं को आकर्षक रूप देने में जुटे हैं। मूर्तिकार ने छात्रों को रोजगार का अवसर दिया है। छात्र प्रतिमाओं पर रंग-रोगन करने के साथ ही उन्हें सुंदर वस्त्रों और सजावटी सामग्री से सजा रहे हैं। इससे प्रतिमाओं की खूबसूरती और बढ़ गई है।
मूर्तिकार के यहां पांच फीट से लेकर 11 फीट तक की मां दुर्गा की प्रतिमाएं तैयार की जा रही हैं। इनकी कीमत पांच हजार रुपये से लेकर एक लाख रुपये तक है। अपनी पसंद की प्रतिमा लेने पहुंच रहे श्रद्धालुओं में भी काफी उत्साह नजर आ रहा है।
शारदीय नवरात्र के दौरान नौ दिनों तक भक्त मां दुर्गा की पूजा-अर्चना करेंगे। इससे पहले प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने के लिए मूर्तिकार और छात्र दिन-रात मेहनत कर रहे हैं।









