महराजगंज। जिले के चौक थाना क्षेत्र में पुलिस ने चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान खजुरिया गांव निवासी राज कुमार (26) पुत्र जयप्रकाश के रूप में हुई है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी से संबंधित घरेलू सामान बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, खजुरिया गांव निवासी सहीबून निशा ने 8 अक्टूबर को शिकायत दर्ज कराई थी कि 7 और 8 अक्टूबर की रात अज्ञात चोर ने उनके घर का टिन शेड तोड़कर घरेलू सामान और नकदी चोरी कर ली। शिकायत के आधार पर चौक थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान साक्ष्य, गवाहों के बयान और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने राज कुमार को उसके घर से गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी से संबंधित सामान बरामद करने का दावा किया है।
बरामद सामान में गीपास कंपनी की प्रेस, वाटर हीटर, इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन, मोटर, बजाज कंपनी की मिक्सी, करीब 15 किलोग्राम चावल, पांच फाइबर की थालियां, थर्मस, एचपी लैपटॉप का चार्जर, बच्चों के खिलौने और 190 रुपये नकद शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई मुकदमे दर्ज हैं। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष मनीष पटेल के नेतृत्व वाली टीम ने की। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक शिवम सिंह, अंकित राय तथा कांस्टेबल चंद्रप्रकाश यादव, अभय कुमार सिंह और राजेश चौहान शामिल रहे।









