पडरौना रोड पर निजी अस्पताल के सामने बाइक रोककर मारपीट, बचने के प्रयास में हाथ में लगी चोट, परिजनों ने चाकू से हमला करने का लगाया आरोप
कसया। नगर के पडरौना रोड स्थित नवीन सब्जी मंडी के समीप मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे पुराने विवाद को लेकर बाइक से घर जा रहे युवक को रोककर मारपीट की गई। जिसमें युवक के दाहिने हाथ में दो जगह चोट लगी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। वही परिजनों ने चाकू से हमला किए जाने का आरोप लगाया है।
डुमरी चुरामन छपरा निवासी 18 वर्षीय शैलेंद्र पांडेय पडरौना मार्ग पर स्थित एक निजी कंपनी में काम करते हैं। मंगलवार शाम काम खत्म करने के बाद वह बाइक से घर लौट रहे थे। निजी अस्पताल के सामने पहुंचने पर एक युवक ने उन्हें रोक लिया और पुराने विवाद को लेकर मारपीट शुरू कर दी।
हमले से बचने के दौरान उनके दाहिने हाथ में चोट लग गई। घटना के बाद परिजन उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले गए। इस संबंध में कसया थानाध्यक्ष इत्यानंद पांडेय ने बताया कि मामला पुराने विवाद को लेकर मारपीट का है। चाकू से हमला किए जाने की बात जांच में सामने नहीं आई है। मामले की जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।









