पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)। अलीनगर थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे पर लौंदा के पास देर रात करीब एक बजे तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में पिकअप चालक गुड्डू यादव (35) की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची अलीनगर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया गया कि गुड्डू यादव पिकअप लेकर नेशनल हाईवे से गुजर रहा था। लौंदा के पास अचानक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में चालक वाहन के अंदर फंस गया। दुर्घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने चालक को वाहन से बाहर निकलवाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
शुरुआत में मृतक की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने वाहन और शव की जांच के बाद पहचान कराने का प्रयास किया। बाद में मृतक की पहचान गुड्डू यादव के रूप में हुई। पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। अलीनगर थाना प्रभारी गगनराज सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना रात करीब एक बजे मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
इकलौते बेटे की मौत से पिता का टूटा सहारामृतक के पिता सुदामा यादव निवासी लौंदा ने बताया कि उन्हें बेटे की मौत की जानकारी सुबह पुलिस के माध्यम से मिली। उन्होंने बताया कि गुड्डू उनका इकलौता बेटा था। उसकी शादी करीब10-12 वर्ष पहले हुई थी। परिवार में पत्नी कंचन कुमारी (30 वर्ष) और छह वर्षीय बेटी किट्टू कुमारी है। इकलौते बेटे की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मचा है। पत्नी और मासूम बेटी का रो-रोकर बुरा हाल है।
अशोक कुमार जायसवाल









