महराजगंज। चौपरिया, साहुजी महाराज नगर स्थित फरेन्दा रोड के आस्था हॉस्पिटल एंड मैटर्निटी सेंटर को तत्काल बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। संबंधित विभाग की ओर से जारी पत्र में बताया गया है कि अस्पताल में नामित पूर्णकालिक चिकित्सक डॉ. सत्येन्द्र भारती, एमबीबीएस ने 5 सितंबर 2026 को शपथपत्र के माध्यम से बयान दिया है कि उन्होंने 5 सितंबर से अस्पताल में चिकित्सकीय सेवाएं देना बंद कर दिया है।
चिकित्सक के अस्पताल से सेवाएं समाप्त करने के बाद विभाग ने अस्पताल प्रबंधन को तत्काल प्रभाव से अस्पताल का संचालन बंद करने तथा इसकी सूचना अधोहस्ताक्षरी को देने के निर्देश दिए हैं। पत्र में स्पष्ट किया गया है कि यदि पत्र जारी होने के बाद भी अस्पताल संचालित होता हुआ पाया गया तो अस्पताल प्रबंधन के विरुद्ध अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने कार्रवाई की पूरी जिम्मेदारी अस्पताल संचालक की स्वयं की होने की बात कही है। निर्देश के बाद अस्पताल के संचालन को लेकर प्रशासनिक स्तर पर निगरानी बढ़ने की संभावना है।









