नहर पर मछली पकड़ रहे 15 वर्षीय किशोर को अजगर ने लपेटा, मौत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गंभीर हालत में रामकोला सीएचसी से जिला अस्पताल किया गया रेफर, चिकित्सकों ने मृत घोषित किया

कुशीनगर। रामकोला थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में नहर पर मछली पकड़ रहे 15 वर्षीय किशोर को अजगर ने लपेट लिया। अजगर के लपेटने से किशोर की हालत गंभीर हो गई।

परिजन आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रामकोला लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

परिजन किशोर को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, किशोर की मौत की खबर से गांव में भी शोक का माहौल है।

मृतक किशोर की पहचान किशन (15), पुत्र अनिरुद्ध, निवासी टेकुआटार-बड़वाछापर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि किशोर नहर पर मछली पकड़ रहा था, इसी दौरान अजगर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

किशोर की मौत की सूचना मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना को लेकर ग्रामीणों में भी दहशत और शोक का माहौल बना हुआ है।

मामला रामकोला थाना क्षेत्र का है। घटना के संबंध में पुलिस की ओर से आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]