जिला मुख्यालय से चंद कदम दूर सड़क के बीच गड्ढा, राहगीर हो रहे चोटिल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पडरौना-कसया मुख्य मार्ग पर रिलायंस पेट्रोल पंप के पास बना खतरा, हादसों से बचाने के लिए स्थानीय लोगों ने लगाया लाल झंडा

कुशीनगर। सड़कों को गड्ढामुक्त करने के दावों के बीच पडरौना-कसया मुख्य मार्ग पर जिला मुख्यालय के पास सड़क के बीचों-बीच बना बड़ा गड्ढा राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। रिलायंस पेट्रोल पंप के समीप बने इस गड्ढे से दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।

स्थानीय लोगों का दावा है कि गड्ढे की चपेट में आकर कई राहगीर चोटिल भी हो चुके हैं। लोगों का कहना है कि यह मार्ग काफी व्यस्त है और प्रतिदिन बड़ी संख्या में दोपहिया, चारपहिया व अन्य वाहन यहां से गुजरते हैं।

जिला मुख्यालय नजदीक होने के कारण अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का भी इस मार्ग से आवागमन होता है। इसके बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। गड्ढे के कारण रात के समय दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है।

वाहन चालकों को दूर से गड्ढा दिखाई नहीं देने के कारण अचानक वाहन मोड़ना या ब्रेक लगाना पड़ता है। संभावित हादसों को देखते हुए स्थानीय लोगों ने गड्ढे के बीच डंडा गाड़कर उस पर लाल झंडा लगा दिया है, ताकि वाहन चालकों को दूर से खतरे का संकेत मिल सके।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क की स्थिति को लेकर शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक मरम्मत नहीं कराई गई। उनका कहना है कि यदि समय रहते गड्ढे को नहीं भरा गया तो कोई गंभीर दुर्घटना हो सकती है।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से मरम्मत की मांग

अधिवक्ता अजय कुमार सिंह और प्रधान पंकज मल्ल ने सड़क की स्थिति पर नाराजगी जताते हुए कहा कि पडरौना-कसया मुख्य मार्ग पर कई स्थानों पर गड्ढे होने के कारण राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है।

उन्होंने जनप्रतिनिधियों, सांसद और संबंधित अधिकारियों से मांग की कि पडरौना-कसया मुख्य मार्ग का निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त हिस्सों और गड्ढों की जल्द से जल्द मरम्मत कराई जाए, ताकि राहगीरों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।


 

और पढ़ें

[the_ad id="164"]