कसया। थाना क्षेत्र के कुड़वा दिलीपनगर गांव के गुरुमिया रामघाट पर शनिवार देर शाम सोनरा नदी में बहता शव देखकर जीवित्पुत्रिका व्रत रखने वाली महिलाओं में अफरा-तफरी मच गई। महिलाओं ने नदी में शव तैरता देखकर ग्रामीणों को सूचना दी।
देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकलवाया। शव नदी किनारे झाड़ी में फंसा मिला।
पुलिस ने शव की पहचान कुड़वा गांव के गुरुमिया गोपालटोला निवासी मुन्ना (30) पुत्र पुरुषोत्तम के रूप में की। ग्रामीणों के अनुसार मुन्ना शनिवार सुबह घर से निकला था।
मृतक की तीन संतान हैं। बताया गया कि उसकी पत्नी कुछ दिनों से पारिवारिक विवाद के चलते मायके में रह रही थी।
थानाध्यक्ष इत्यानंद पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मृत्यु के कारणों का पता चल सकेगा।









