तहसील समाधान दिवस में एसडीएम ने सुनीं फरियाद, 42 में 9 मामलों का निस्तारण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नौतनवा/महराजगंज। तहसील सभागार नौतनवा में शनिवार को संपूर्ण तहसील समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी कुणाल ने विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।

समाधान दिवस में कुल 42 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से नौ मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जनसुनवाई के दौरान भूमि विवाद, अवैध कब्जा, राजस्व संबंधी मामले, पारिवारिक विवाद, पुलिस से संबंधित शिकायतें, पेंशन, विद्युत, जल निकासी, सड़क सहित अन्य जनहित से जुड़े प्रकरण सामने आए।

उप जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि समाधान दिवस में प्राप्त प्रत्येक शिकायत को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ लिया जाए। शिकायतों का नियमानुसार प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि फरियादियों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

एसडीएम ने विशेष रूप से भूमि एवं पारिवारिक विवाद से जुड़े मामलों में राजस्व एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई में आने वाली शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

इस दौरान क्षेत्राधिकारी नौतनवा बसंत सिंह, तहसीलदार कर्ण सिंह, सहायक अभियंता सिंचाई विभाग नेहा मिश्रा, नायब तहसीलदार सुदेव पटेल, अधिशासी अधिकारी नौतनवा-सोनौली संदीप सरोज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]