रिखई घाट पर दो किशोर डूबे, महिलाओं ने एक को बचाया; नौ वर्षीय प्रिंस की तलाश में जुटी एसडीआरएफ

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कसया। जीवित्पुत्रिका व्रत के दिन शुक्रवार शाम रिखई घाट पर उस समय चीख-पुकार मच गई, जब स्नान करने उतरे दो किशोर नदी की तेज धार में फंसकर डूबने लगे। घाट पर मौजूद महिलाओं ने साहस दिखाकर एक किशोर को बचा लिया, जबकि नौ वर्षीय प्रिंस कुशवाहा तेज बहाव में बह गया। देर शाम तक उसकी तलाश जारी रही।

कसया के वार्ड मां कोटेश्वरीनगर (करमैनी प्रेमवलिया) निवासी पिंटू कुशवाहा का नौ वर्षीय पुत्र प्रिंस अपने साथी हिमेश के साथ घर से बिना बताए शाम करीब पांच बजे रिखई घाट पहुंचा था। उस समय जीवित्पुत्रिका व्रत रखने वाली महिलाएं स्नान कर रही थीं। इसी दौरान दोनों किशोर नदी में उतर गए और तेज धार की चपेट में आकर डूबने लगे।

दोनों को डूबता देख घाट पर मौजूद एक महिला ने हिमेश को पकड़कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद उन्होंने प्रिंस को बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह तेज बहाव में दूर चला गया।

सूचना पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट जी. अक्षय दीपक, तहसीलदार धर्मवीर सिंह, नायब तहसीलदार राहुल खरवार और थानाध्यक्ष इत्यानंद पांडेय पुलिस व प्रशासनिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सभासद गुड्डू कुशवाहा, धर्मेंद्र यादव समेत स्थानीय लोग भी तलाश में जुटे रहे। एसडीआरएफ की टीम ने नदी में अभियान चलाकर किशोर की तलाश शुरू की।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]