उन्नाव जिले के दही थाना क्षेत्र में इब्राहिम बाग के पास ट्रेन की चपेट में आने से 18 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। युवक दूध लेकर अपने घर वापस लौट रहा था। इसी दौरान रेलवे ट्रैक के पास हादसे का शिकार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। अचानक हुई इस घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान प्रियांशु (18) पुत्र मन्नूलाल, निवासी इब्राहिम बाग, थाना दही, जनपद उन्नाव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि प्रियांशु दूध लेकर घर लौट रहा था। इसी दौरान इब्राहिम बाग के पास वह ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसा इतना भीषण था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
युवक की असमय मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। जिस बेटे के घर लौटने का परिजन इंतजार कर रहे थे, उसकी मौत की सूचना ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
महज 18 वर्ष की उम्र में प्रियांशु की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भी गहरा दुख है।
फिलहाल युवक किन परिस्थितियों में ट्रेन की चपेट में आया, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आ सकी है। हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगना अभी बाकी है। वहीं, इस दर्दनाक घटना ने रेलवे ट्रैक के आसपास सतर्कता बरतने की आवश्यकता को एक बार फिर उजागर किया है।
रिपोर्ट – निशानाथ पाण्डेय









