अलीगढ़। देहली गेट थाना क्षेत्र के प्रेमनगर इलाके में पति द्वारा पत्नी पर कैंची से जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि पत्नी के काम करने से नाराज पति ने उसे मायके से ससुराल बुलाया और फिर उसके सिर पर कैंची से कई वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार प्रेमनगर निवासी शोभित पर अपनी पत्नी के साथ मारपीट करने और कैंची से हमला करने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि महिला काम करती थी, जो उसके पति को पसंद नहीं था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। आरोप है कि पति ने पत्नी को मायके से वापस ससुराल बुलाया और उस पर कैंची से हमला कर दिया।
हमले में महिला के सिर पर गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए जेएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
घायल महिला के भाई सचिन शर्मा ने पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। वहीं, घटना के बाद आरोपी पति शोभित के फरार होने की सूचना है।
मामले की जानकारी मिलते ही देहली गेट थाना पुलिस जांच में जुट गई है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। घटना के पीछे पारिवारिक विवाद की बात सामने आ रही है। हालांकि, हमले के वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।









