मथुरा के थाना हाईवे क्षेत्र में जमीनी विवाद को लेकर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने शुक्रवार तड़के मुठभेड़ के दौरान दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार थाना हाईवे क्षेत्र के गांव बाजना में जमीन को लेकर हुए विवाद के दौरान फायरिंग की घटना सामने आई थी। इस मामले में पुलिस कनक पुत्र कमल सिंह (24 वर्ष), निवासी कोटा, थाना जैत और करन पुत्र भूरी सिंह (22 वर्ष), निवासी बाटी, थाना जैत की तलाश कर रही थी।
शुक्रवार तड़के मुखबिर की सूचना पर थाना हाईवे पुलिस ने रोमेक्स स्कूल जाने वाले कच्चे रास्ते पर घेराबंदी की। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तारी के प्रयास के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में कनक के पैर में गोली लग गई, जबकि दूसरे आरोपी करन को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से .315 बोर के दो अवैध तमंचे, चार जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है।
सीओ रिफाइनरी प्रवीण तिवारी ने बताया कि घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।
रिपोर्ट- सुरेश सैनी









