मैनपुरी। जनपद में लगातार करीब 36 घंटे से हो रही बारिश और तेज हवाओं ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। भारी बारिश के चलते कई इलाकों में जलभराव की स्थिति है, जबकि खेतों में खड़ी धान, मक्का और बाजरा समेत कई फसलों को नुकसान पहुंचा है। किसान फसल बर्बाद होने से परेशान हैं और शासन-प्रशासन से मुआवजे की मांग कर रहे हैं।

भारी बारिश के कारण सड़कों और गलियों में पानी भर गया है। मौसम खराब रहने से बाजारों में भी सन्नाटा नजर आ रहा है, जिससे व्यापारी और मजदूर वर्ग प्रभावित हैं।
वहीं कोतवाली थाना क्षेत्र के अंजनी गांव निवासी दामोदर सिंह का मकान बारिश और तेज हवाओं के कारण ढह गया। दामोदर के मुताबिक, रात में वह परिवार के साथ घर में सो रहे थे। अचानक एक दीवार गिरने से उनकी नींद खुली और कुछ ही देर बाद पूरा मकान भरभराकर गिर गया। हादसे में घर का सामान मलबे में दबकर खराब हो गया। परिवार के सामने अब रहने की समस्या खड़ी हो गई है।
अंजनी ग्राम पंचायत के प्रधान प्रतिनिधि ओमेंद्र सिंह ने पीड़ित परिवार के लिए आवास और किसानों को फसल नुकसान का मुआवजा दिलाने की मांग की है।
रिपोर्ट: ब्रह्मेश कुमार









