कसया बौद्ध स्थली कुशीनगर स्थित एक निजी होटल में रविवार को प्रोफेसर राजा यादव मेमोरियल एजुकेशन वेलफेयर ट्रस्ट के तत्वावधान में डॉ. गीता यादव उत्कृष्ट पुरस्कार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा, चिकित्सा, संगीत और खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 50 से अधिक मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री ब्रह्माशंकर त्रिपाठी ने कहा कि इस तरह के आयोजन प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के साथ ही उनके भीतर आगे बढ़ने का उत्साह पैदा करते हैं। मेधावी छात्र-छात्राएं अपनी प्रतिभा के बल पर हर क्षेत्र में सफलता हासिल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा का महत्व अनादि काल से रहा है और भविष्य में भी इसका महत्व कायम रहेगा।
पहले लोग पेड़ के नीचे बैठकर शिक्षा ग्रहण करते थे, जबकि आज आधुनिक संसाधनों और तकनीक के माध्यम से शिक्षा प्राप्त की जा रही है।
विशिष्ट अतिथि पूर्व विधानसभा प्रत्याशी राजेश प्रताप राव बंटी ने कहा कि प्रतिभाओं को उचित मंच और सम्मान मिलने से उनका आत्मविश्वास बढ़ता है। ऐसे आयोजनों से अन्य विद्यार्थियों को भी बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलती है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे भंते महेंद्र ने कहा कि भगवान बुद्ध ने दुनिया को ‘अप्प दीपो भव’ का संदेश दिया। इसका अर्थ है कि व्यक्ति स्वयं अपना मार्गदर्शक बने और निरंतर आगे बढ़ता रहे। उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने का आह्वान किया।
समारोह में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, नीट, संगीत, खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले मेधावियों को सम्मानित किया गया। ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार यादव ने अतिथियों के प्रति आभार जताते हुए सम्मानित छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम का संचालन मजीबुल्लाह राही और राजेश पांडेय ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर राकेश यादव उर्फ भोला, पूर्व चेयरमैन मथौली, डॉ. प्रियेश त्रिपाठी, बच्चा यादव, अमरजीत यादव, असीम कृष्ण राय, भगवान सिंह, वीरेंद्र सिंह सैथवार, अभय प्रताप यादव, मनु तिवारी, एजाज अहमद, जाहिद अंसारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।









