राहत सामग्री लेकर नेपाल पहुंची भारतीय NGO की गाड़ियां लौटाईं, बिना वितरण के अमृतसर वापस रवाना

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज। नेपाल में प्राकृतिक त्रासदी से प्रभावित लोगों की मदद के लिए अमृतसर से राहत सामग्री लेकर पहुंची भारतीय स्वयंसेवी संस्था की गाड़ियों को सोनौली-बेलहिया सीमा पर नेपाल में प्रवेश की अनुमति नहीं मिल सकी। प्रवेश की अनुमति नहीं मिलने के बाद संस्था के सदस्यों को राहत सामग्री वितरित किए बिना ही वापस लौटना पड़ा।

मिली जानकारी के अनुसार Serve Humanity Serve God Charitable Trust की गाड़ियां आपदा प्रभावित लोगों के लिए खाद्य सामग्री लेकर सोनौली-बेलहिया सीमा के रास्ते नेपाल पहुंची थीं। संस्था का उद्देश्य प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाना था।

बताया जा रहा है कि नेपाल कस्टम (भंसार) की ओर से गाड़ियों को आगे जाने की अनुमति नहीं दी गई। इसके बाद संस्था के सदस्य राहत सामग्री से लदी गाड़ियों के साथ वापस पंजाब के अमृतसर के लिए रवाना हो गए।

राहत सामग्री लेकर सीमा तक पहुंचने के बावजूद उसका वितरण नहीं हो पाने से संस्था का राहत अभियान अधूरा रह गया। इस मामले को लेकर सीमा क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है।

हालांकि, नेपाल भंसार की ओर से गाड़ियों को नेपाल में प्रवेश की अनुमति क्यों नहीं दी गई, इसका स्पष्ट आधिकारिक कारण अभी सामने नहीं आया है। राहत सामग्री लेकर पहुंची गाड़ियों की वापसी के बाद इस मामले को लेकर कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]