जल जीवन मिशन की योजनाएं शत-प्रतिशत पूरी करें अधिकारी : वी. सोमन्ना

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

केंद्रीय राज्य मंत्री ने हरिद्वार में विकास योजनाओं का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

हरिद्वार। केंद्रीय जल शक्ति एवं रेल राज्य मंत्री वी. सोमन्ना ने हरिद्वार दौरे के दौरान जल जीवन मिशन सहित विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित पेयजल योजनाओं को शत-प्रतिशत पूरा किया जाए, ताकि प्रत्येक ग्रामीण परिवार को नियमित रूप से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके।

केंद्रीय राज्य मंत्री ने बहादराबाद स्थित प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट और सुल्तानपुर माजरी पेयजल योजना का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कूड़े के पृथक्करण, निस्तारण और पेयजल आपूर्ति की गुणवत्ता के संबंध में अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर योजनाओं के क्रियान्वयन और पेयजल आपूर्ति की जमीनी हकीकत भी जानी।

मंत्री वी. सोमन्ना ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेयजल योजनाओं के संचालन और रखरखाव में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों और ग्राम स्तरीय समितियों को आवश्यक प्रशिक्षण देने पर भी जोर दिया, जिससे योजनाओं का संचालन सुचारु रूप से हो सके।

इसके बाद डाम कोठी में आयोजित समीक्षा बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री ने विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को सभी लंबित कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही योजनाओं की नियमित निगरानी और ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]