मुगलसराय। जन्माष्टमी पर्व को देखते हुए पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर मुगलसराय में प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और त्योहार को सकुशल संपन्न कराने के लिए कार्यक्रम स्थलों पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। वहीं, मुगलसराय कस्बे के साथ दुलहीपुर और पड़ाव क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक ड्यूटी भी लगाई गई है।
सीओ पीडीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह ने बताया कि थाना मुगलसराय क्षेत्र में जन्माष्टमी को लेकर जहां-जहां कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, वहां सुरक्षा के मद्देनजर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी निर्धारित की गई है। संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी।
उन्होंने बताया कि मुगलसराय, दुलहीपुर और पड़ाव में अक्सर ट्रैफिक का दबाव रहता है। इसे देखते हुए यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए अलग से पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, ताकि श्रद्धालुओं और आम लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।
सीओ ने कहा कि मिशन शक्ति की महिला पुलिस टीमें भी लगातार भ्रमणशील रहेंगी। महिला पुलिसकर्मियों की टीमें प्रमुख कार्यक्रम स्थलों और आसपास के क्षेत्रों में निगरानी करेंगी, जिससे महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
पुलिस ने आयोजकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जन्माष्टमी के दौरान किसी भी तरह का अश्लील नृत्य अथवा आपत्तिजनक कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जाएगा। यदि किसी स्थान पर इस तरह का कार्यक्रम होता पाया गया तो पुलिस तत्काल उसे बंद कराएगी।
सीओ अरुण कुमार सिंह ने कहा कि पुलिस की टीमें लगातार क्षेत्र में भ्रमण करती रहेंगी और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पूरी सतर्कता बरती जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य जन्माष्टमी पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराना है।









