बाढ़ प्रभावित या संदिग्ध स्रोत की मछली से बचें, सीएमओ ने जारी की एडवाइजरी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कुशीनगर। नेपाल में बाढ़ और भूस्खलन के कारण बड़ी गंडक नदी में बड़ी संख्या में मछलियों के बहकर आने की आशंका को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को सतर्क किया है। बाढ़ के दौरान नदियों, तालाबों और अन्य जलस्रोतों का पानी दूषित होने की संभावना रहती है। ऐसे में बाढ़ प्रभावित अथवा संदिग्ध जलस्रोतों से प्राप्त मछलियों के सेवन से खाद्यजनित बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है।

इसे देखते हुए सीएमओ डॉ. चंद्रप्रकाश ने आमजन, मछली विक्रेताओं, थोक व्यापारियों और होटल-रेस्टोरेंट संचालकों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। उन्होंने लोगों से बाढ़ प्रभावित या संदिग्ध स्रोत से प्राप्त मछली को न खरीदने, न बेचने और न ही उसका सेवन करने की अपील की है।

मृत या संदिग्ध मछली को न छुएं

स्वास्थ्य विभाग की एडवाइजरी में कहा गया है कि नेपाल की ओर से बाढ़ में बहकर आई अथवा बाढ़ प्रभावित क्षेत्र से प्राप्त संदिग्ध मछलियों की खरीद-बिक्री से बचें। खुले में मरी हुई मछली या संदिग्ध स्रोत से मिली मछली को हाथ न लगाएं। ऐसी मछलियों की स्थानीय स्तर पर उपलब्धता और स्रोत की जानकारी स्पष्ट न होने पर उन्हें बाजार में न लाने की सलाह दी गई है।

व्यापारियों और होटल संचालकों को भी निर्देश

विभाग ने मछली विक्रेताओं और थोक व्यापारियों को निर्देश दिया है कि बाढ़ प्रभावित अथवा संदिग्ध जलस्रोतों से प्राप्त मछली को बिक्री के लिए बाजार में न लाएं। आमजन से कहा गया है कि बाढ़ के पानी में मृत, कमजोर, असामान्य अवस्था में मिली या संदिग्ध दिखने वाली मछली का किसी भी स्थिति में सेवन न करें। मछली खरीदते समय उसके स्रोत और ताजगी की जानकारी जरूर लें।

होटल एवं रेस्टोरेंट संचालकों को भी प्रतिष्ठान में उपयोग की जा रही मछली का विश्वसनीय और सुरक्षित स्रोत सुनिश्चित करने को कहा गया है। बाढ़ प्रभावित या संदिग्ध स्रोत से प्राप्त मछली का ग्राहकों के भोजन में उपयोग न करने के निर्देश दिए गए हैं।

संदिग्ध मछली की सूचना देने की अपील

सीएमओ डॉ. चंद्रप्रकाश ने लोगों से स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की ओर से जारी सूचनाओं पर भरोसा करने तथा किसी भी संदिग्ध स्थिति में तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचना देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सावधानी ही सुरक्षा है। बाढ़ प्रभावित या संदिग्ध स्रोत से प्राप्त मछली न खरीदें, न बेचें और न ही उसका सेवन करें

और पढ़ें

[the_ad id="164"]