गोकशी के आरोपियों से पुलिस की मुठभेड़, एक के पैर में लगी गोली, तीन गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बहराइच। मोतीपुर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात पुलिस और गोकशी के आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि उसके दो साथियों को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के मुताबिक, 24 सितंबर को शाहपुर खुर्द में गोवंश के अवशेष मिलने के मामले में मोतीपुर थाने में मुकदमा संख्या 418/2026 दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने तीन टीमों का गठन किया था।

रविवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी दोबारा गोकशी की घटना को अंजाम देने की तैयारी में हैं। इसके बाद जोगनिया बैराज मार्ग पर पुलिस चेकिंग शुरू की गई। इसी दौरान एक बाइक पर तीन युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लग गई।

पुलिस ने घायल समेत तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी पहचान सोनू सीनिवा बालापुर, शहजाद उर्फ कलूटे निवासी उचवा बालापुर और सोनू निवासी खैरी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तमंचा, कारतूस, 1,940 रुपये नकद, बाइक, तराजू-बांट, लकड़ी का ठीहा और तीन चाकू बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी गोकशी के मुकदमे दर्ज हैं। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]