ठूठीबारी। पुलिस अधिकारियों के खिलाफ शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से नाराज पत्रकार दिनेश रौनियार ने सपरिवार आत्मदाह की चेतावनी दी है। रविवार को अधिकारियों को दिए शिकायती पत्र में उन्होंने कहा है कि यदि सात सितंबर की शाम तक मामले में कार्रवाई नहीं हुई तो वह ठूठीबारी थाने के गेट पर यह कदम उठाएंगे। इससे पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
पत्रकार ने शिकायत में ठूठीबारी कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार सिंह और दरोगा अनूप तिवारी पर कथित अभद्रता, गाली-गलौज और धमकी देने के आरोप लगाए हैं। उनका आरोप है कि दो सितंबर को पुलिस अधिकारियों के उनके घर पहुंचने के दौरान उनके साथ कथित तौर पर गाली-गलौज की गई और मारपीट की धमकी दी गई। उन्होंने पुलिसिया पूछताछ के नाम पर परेशान किए जाने का भी आरोप लगाया है।

कार्रवाई की मांग को लेकर दिनेश रौनियार चार सितंबर को सुबह करीब 11 बजे ठूठीबारी में आमरण अनशन पर बैठ गए थे। करीब नौ घंटे बाद निचलौल क्षेत्राधिकारी रविंद्र कुमार सिंह ने मौके पर पहुंचकर उन्हें समझाया। संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद उन्होंने अनशन समाप्त कर दिया था।
हालांकि, कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए पत्रकार ने छह सितंबर को दोपहर करीब 12:30 बजे दोबारा अधिकारियों को लिखित शिकायत दी। पत्र में उन्होंने सात सितंबर की शाम तक कार्रवाई नहीं होने पर थाना गेट पर सपरिवार आत्मदाह करने की चेतावनी दी है। साथ ही इसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होने की बात कही है।









