महराजगंज जिले के ठूठीबारी थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर खुर्द से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। मकान के लिंटर से प्लाई उतारते समय 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आने से दो मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए।जानकारी के मुताबिक लक्ष्मीपुर खुर्द निवासी जमीरूद्दीन पुत्र बिस्मिल्लाह, उम्र करीब 60 वर्ष, के मकान के लिंटर में लगी प्लाई को मजदूर लोहे की छड़ की मदद से उतार रहे थे।
इसी दौरान पास से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन के संपर्क में लोहे की छड़ आ गई। हाईटेंशन करंट की चपेट में आने से वहां काम कर रहे राजेश पुत्र सुभाष भारती (28 वर्ष) और नंदन पुत्र छागुर भारती (26 वर्ष), दोनों निवासी लक्ष्मीपुर खुर्द, गंभीर रूप से झुलस गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर देखते हुए दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।फिलहाल दोनों मजदूरों की हालत गंभीर बताई जा रही है।हादसे ने एक बार फिर हाईटेंशन विद्युत लाइनों के बेहद करीब निर्माण कार्य करने के दौरान बरती जाने वाली सावधानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।









