महराजगंज। घुघली थाना क्षेत्र के बेलवा टिकर गांव में रविवार को तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक मकान क्षतिग्रस्त हो गया। बिजली गिरने के बाद घर की वायरिंग में आग लग गई, जिससे टीवी, पंखा, कूलर समेत कई घरेलू विद्युत उपकरण जलकर खराब हो गए। घटना के बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, बेलवा टिकर गांव निवासी राम समुझ जायसवाल के मकान पर तेज बारिश के दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली गिरने के तेज धमाके से मकान को नुकसान पहुंचा और घर की बिजली की वायरिंग पूरी तरह जल गई। इसके साथ ही टीवी, पंखा, कूलर सहित अन्य घरेलू उपकरण भी बिजली की चपेट में आकर खराब हो गए।
आकाशीय बिजली गिरने के कुछ ही देर बाद मकान में आग लग गई। घर से धुआं निकलता देख परिवार के लोग घबरा गए। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने में जुट गए। ग्रामीणों के प्रयास से आग पर काबू पाया गया, जिससे आग को अन्य हिस्सों में फैलने से रोका जा सका।
घटना में मकान की वायरिंग और घरेलू सामान को काफी नुकसान हुआ है। हालांकि, घटना के दौरान किसी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है। अचानक हुई इस घटना से पीड़ित परिवार को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
पीड़ित राम समुझ जायसवाल ने प्रशासन से घटना का स्थलीय निरीक्षण कराकर नुकसान का आकलन कराने तथा नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। परिवार को उम्मीद है कि प्रशासन की ओर से जल्द ही क्षति का आकलन कर आवश्यक मदद उपलब्ध कराई जाएगी।









