कुशीनगर। विकास भवन सभागार में बुधवार को राष्ट्रीय पोषण माह के शुभारम्भ समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया। साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा पोषाहार की नवीन रेसिपी से तैयार किए गए पौष्टिक व्यंजनों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश राज्य बीज विकास निगम के उपाध्यक्ष राजेश्वर सिंह और राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य फूलवदन कुशवाहा रहे। इस दौरान जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए, जिला कार्यक्रम अधिकारी सहित जनपद के सभी बाल विकास परियोजना अधिकारी, मुख्य सेविकाएं तथा करीब 350 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं सहायिकाएं मौजूद रहीं। कार्यक्रम के दौरान वाराणसी में आयोजित राष्ट्रीय पोषण माह के शुभारम्भ समारोह का मुख्यमंत्री के उद्बोधन का सजीव प्रसारण किया गया। सभागार में मौजूद जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, लाभार्थियों तथा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं ने कार्यक्रम का प्रसारण देखा।
मुख्यमंत्री के उद्बोधन के बाद जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर जनपद में राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारम्भ किया। इसके बाद बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से पांच गर्भवती महिलाओं की गोदभराई तथा पांच बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया।
आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने लगाई पौष्टिक व्यंजनों की प्रदर्शनी
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा पोषाहार की नवीन रेसिपी से तैयार किए गए विभिन्न पौष्टिक व्यंजनों की प्रदर्शनी लगाई गई। अतिथियों एवं अधिकारियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए व्यंजनों की जानकारी ली और पोषणयुक्त आहार को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया। मुख्य अतिथि राजेश्वर सिंह ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को पूर्ण मनोयोग से कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों को ग्राम स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के साथ पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाना प्राथमिकता होनी चाहिए।
मानदेय वृद्धि से बढ़ेगा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मनोबल
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के मानदेय में की गई वृद्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि मानदेय बढ़ने से ग्राम स्तर पर कार्य कर रहीं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं का मनोबल बढ़ेगा और वे अधिक उत्साह एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगी।
राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य फूलवदन कुशवाहा ने राष्ट्रीय पोषण माह की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों से अपने-अपने क्षेत्रों में परिवारों को सहजन के पौधे लगाने के लिए प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सहजन में मौजूद पोषक एवं औषधीय गुण परिवार के स्वास्थ्य और पोषण स्तर को बेहतर बनाने में सहायक हो सकते हैं। उन्होंने कुपोषण से निपटने के लिए पोषणयुक्त आहार के साथ जन-जागरूकता को भी महत्वपूर्ण बताया। अंत में जिला कार्यक्रम अधिकारी, कुशीनगर ने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के प्रति आभार व्यक्त किया। इसके साथ ही समारोह का समापन हुआ।
साजिद अंसारी पड़रौना









