कप्तानगंज में जन्माष्टमी मेले से लौट रही किशोरी से छेड़छाड़ः विरोध पर जान से मारने की धमकी; 2 आरोपी गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कुशीनगर के कप्तानगंज थाना क्षेत्र में जन्माष्टमी के कार्यक्रम से लौट रही 17 साल की किशोरी से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। किशोरी की मां की शिकायत पर पुलिस ने दो युवकों शिवम और बीरबल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस के मुताबिक, इस मामले में पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। यह घटना 5 सितंबर की रात की बताई जा रही है। पचार गांव स्थित प्रणामी मंदिर में जन्माष्टमी का कार्यक्रम हो रहा था। इसमें गांव और आसपास के कई लोग मौजूद थे। आरोप है कि कार्यक्रम खत्म होने के बाद 17 साल की किशोरी अपने घर लौट रही थी।

इसी दौरान रास्ते में सुनसान जगह पर दोनों युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया। किशोरी की मां की शिकायत के अनुसार, दोनों युवकों ने किशोरी के साथ जबरन छेड़छाड़ की।

आरोप है कि जब किशोरी ने विरोध किया, तो युवकों ने उसका मुंह बंद कर दिया और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद किशोरी किसी तरह घर पहुंची और परिजनों को पूरी बात बताई।

किशोरी से घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने नाराजगी जताई। इसके बाद उसकी मां रासमुनी देवी कप्तानगंज थाने पहुंचीं और पुलिस को लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

शिकायत के आधार पर कप्तानगंज पुलिस ने शिवम और बीरबल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 74, 351(3) और 126 (2) के तहत मुकदमा दर्ज किया। मामला नाबालिग किशोरी से जुड़ा होने के कारण पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत भी कार्रवाई की है।

कप्तानगंज थानाध्यक्ष धीरेंद्र राय के मुताबिक, मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पॉक्सो एक्ट के तहत कार्यवाही करते हुए दोनों अभियुक्तों को जेल भेज दिया गया है

और पढ़ें

[the_ad id="164"]