कुशीनगर। राष्ट्रीय एड्स एवं एसटीडी नियंत्रण कार्यक्रम के तहत मंगलवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी सभागार में जिला स्तरीय प्रशिक्षण-सह-जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। उत्तर प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण सोसाइटी और पब्लिक हेल्थ फाउंडेशन ऑफ इंडिया के सहयोग से आयोजित कार्यशाला में स्वास्थ्यकर्मियों को एचआईवी/एड्स और यौन संचारित संक्रमणों की रोकथाम, जांच, परामर्श और उपचार की जानकारी दी गई।
मुख्य अतिथि सीएमओ डॉ. चंद्र प्रकाश ने कहा कि एचआईवी प्रभावित लोगों की गोपनीयता, गरिमा और अधिकारों की रक्षा सभी की जिम्मेदारी है। एचआईवी स्थिति के आधार पर किसी भी व्यक्ति के साथ भेदभाव या सामाजिक बहिष्कार नहीं होना चाहिए।
उन्होंने सीएचसी और पीएचसी स्तर पर एचआईवी स्क्रीनिंग, परामर्श और एआरटी सेवाओं से मरीजों को जोड़ने की व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए। सीएमओ ने कहा कि समय पर जांच, उचित परामर्श और नियमित उपचार से संक्रमण के प्रभाव को नियंत्रित किया जा सकता है। कार्यशाला में स्वास्थ्यकर्मियों को मरीजों के अधिकार, गोपनीयता और संवेदनशीलता के साथ सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।









