एनएच-24 की पटरी निर्माण की मांग को लेकर धरने पर बैठे पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू, अधिकारियों से हुई कहासुनी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मांगें पूरी नहीं होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी, मौके पर कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात
चंदौली। एनएच-24 के किनारे पटरी निर्माण की मांग को लेकर पूर्व विधायक एवं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव मनोज सिंह डब्लू समर्थकों के साथ धरने पर बैठ गए। सोमवार को कंदवा थाना क्षेत्र के कंजेहरा गांव के पास हुए इस घटनाक्रम के दौरान अधिकारियों और पूर्व विधायक के बीच कहासुनी भी हुई। मनोज सिंह डब्लू ने मांगें पूरी नहीं होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी। स्थिति को देखते हुए मौके पर कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात रही।

जानकारी के अनुसार, कंजेहरा गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे पटरी निर्माण अधूरा होने से स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। इसी समस्या को लेकर पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू अधिकारियों को ज्ञापन देने पहुंचे थे।

ज्ञापन लेने पहुंचे एक व्यक्ति की पहचान और भूमिका को लेकर विवाद की स्थिति बन गई। पूर्व विधायक ने संबंधित व्यक्ति पर सवाल उठाए। बताया गया कि बाद में उक्त व्यक्ति ने अपने बयान में बदलाव करते हुए खुद को अधिकारी के बजाय अपने मित्र के साथ आने वाला बताया। इस घटनाक्रम से नाराज पूर्व विधायक ने ज्ञापन देने से इनकार कर दिया।

इसके बाद मनोज सिंह डब्लू अपने समर्थकों के साथ सांकेतिक धरने पर बैठ गए। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने उन्हें समझाने और स्थिति शांत कराने का प्रयास किया। हालांकि, पूर्व विधायक ने स्पष्ट किया कि एनएच-24 के किनारे पटरी निर्माण की मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

धरने के दौरान क्षेत्र में प्रशासनिक हलचल बनी रही और मौके पर पुलिस बल तैनात रहा। अब स्थानीय लोगों को इंतजार है कि संबंधित विभाग एनएच-24 के किनारे पटरी निर्माण की मांग पर कब तक ठोस कदम उठाता है और उन्हें आवागमन की समस्या से कब राहत मिलती है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]