महराजगंज। अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए महराजगंज पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोल्हुई पुलिस और एसएसबी खैराघाट की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध नेपाली शराब और मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में जनपद में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोल्हुई पुलिस और एसएसबी खैराघाट की संयुक्त टीम क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों और अवैध शराब की तस्करी पर नजर रखते हुए चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान बुधवार को करीब सुबह 09:40 बजे ग्राम राजमंदिर कला स्थित लकठहवा घाट के पास टीम ने संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक को पकड़ा। पूछताछ और तलाशी के दौरान उसके पास से अवैध नेपाली शराब बरामद हुई। शराब के परिवहन में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले ली।
गिरफ्तार युवक की पहचान दुर्गेश (25 वर्ष), पुत्र रोहित, निवासी राजमंदिर, थाना कोल्हुई, जनपद महराजगंज के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है।
संयुक्त टीम की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस का कहना है कि सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध शराब की तस्करी और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।









