अभ्युदय योजना की संगोष्ठी में अफसरों ने प्रतियोगी छात्रों को दिए सफलता के मंत्र

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज। जवाहरलाल नेहरू स्मारक पीजी कॉलेज में मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत एक दिवसीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं एसडीएम सदर शिवम् कुमार (UPSC-2023, 19वीं रैंक) ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने हर सप्ताह अध्ययन की रणनीति तैयार करने और नियमित पढ़ाई पर जोर दिया। साथ ही सरकारी स्कूल से शिक्षा प्राप्त करने और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के दौरान किए गए संघर्षों के अनुभव छात्रों से साझा किए।

संगोष्ठी में अपर जिलाधिकारी सिद्धार्थ गुप्ता (PCS-2023 टॉपर) ने निरंतर अभ्यास और उत्तर लेखन के महत्व को विस्तार से समझाया। उन्होंने छात्रों को नियमित रूप से लिखने का अभ्यास करने तथा अपनी कमियों को पहचानकर उनमें सुधार करने की सलाह दी।

वहीं, एसडीएम फरेंदा प्रेम शंकर पाण्डेय (PCS-2023, दूसरी रैंक) ने वायुसेना और सचिवालय में अपने कार्य अनुभव साझा किए। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर कड़ी मेहनत करने और तैयारी में निरंतरता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे महाविद्यालय के प्रबंधक डॉ. बलराम भट्ट ने कहा कि अनुभवी प्रशासनिक अधिकारियों का मार्गदर्शन प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए उपयोगी है। प्राचार्य डॉ. अजय कुमार मिश्र ने अधिक से अधिक विद्यार्थियों से मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना से जुड़कर इसका लाभ उठाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन आलोक पाण्डेय ने किया।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]