मैनपुरी: कंटेनर ने बाइक को रौंदा, मां और दो मासूम बेटियों की मौत, पिता गंभीर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मैनपुरी के बेवर थाना क्षेत्र में जीटी रोड पर मंगलवार तड़के भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी। हादसे में मां और उसकी दो मासूम बेटियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा पिता गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद बाइक कंटेनर में फंस गई और उसमें लदे जूतों के कार्टूनों में आग लग गई। दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।

पुलिस के मुताबिक, कोतवाली मैनपुरी क्षेत्र के कछपुरा गांव निवासी बांबी शाक्य अपनी पत्नी सुमन और दो बेटियों के साथ रिश्तेदारी में नगला टांकन आए थे। मंगलवार सुबह करीब तीन बजे परिवार बाइक से वापस गांव लौट रहा था। करीब 4:15 बजे कपिल मुनि आश्रम के पास तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद बाइक कंटेनर में फंस गई, जबकि परिवार के सदस्य सड़क पर जा गिरे। कंटेनर के पहियों की चपेट में आने से सुमन, चार वर्षीय प्रियांशी और करीब एक वर्षीय बेटी की मौत हो गई। घायल बांबी को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।

सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड ने राहत-बचाव कार्य किया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और कंटेनर को कब्जे में लेकर हादसे की जांच शुरू कर दी है।

 

रिपोर्ट: ब्रह्मेश कुमार

और पढ़ें

[the_ad id="164"]