महराजगंज। साइबर अपराध के मामलों में पीड़ितों की ठगी गई धनराशि वापस दिलाने के लिए महराजगंज पुलिस लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में थाना श्यामदेउरवा की साइबर सेल टीम ने कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के शिकार एक व्यक्ति को उसकी पूरी धनराशि वापस करा दी।
थाना श्यामदेउरवा क्षेत्र के धर्मौली टोला डुमरिया निवासी सुनील पुत्र महेन्द्र सिंह के साथ साइबर ठगी की घटना हुई थी। साइबर ठगों ने उनके खाते से कुल ₹75,000 की धनराशि ठग ली थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की।
पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी (IPS) के निर्देश पर थाना श्यामदेउरवा साइबर सेल टीम ने मामले में त्वरित कार्रवाई शुरू की। टीम ने संबंधित बैंक और अन्य माध्यमों से समन्वय स्थापित करते हुए ठगी की धनराशि को होल्ड कराया। इसके बाद माननीय न्यायालय के आदेश के क्रम में आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराई गई।
साइबर सेल टीम के प्रयासों से संबंधित बैंक के माध्यम से ₹75,000 की पूरी धनराशि पीड़ित के बैंक खाते में वापस करा दी गई। अपनी ठगी गई रकम वापस मिलने पर पीड़ित सुनील ने महराजगंज पुलिस और थाना श्यामदेउरवा साइबर सेल टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि साइबर ठगी होने पर घबराएं नहीं और तत्काल पुलिस अथवा साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि ठगी की रकम को समय रहते होल्ड कराया जा सके।









