महराजगंज। जिले के परसामलिक थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बैकुंठपुर उर्फ बोदरवार में मंगलवार रात एक 17 वर्षीय युवक का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिलने से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा आवश्यक जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बैकुंठपुर उर्फ बोदरवार निवासी रामरूप चौधरी का 17 वर्षीय पुत्र राजीत चौधरी मंगलवार रात घर के अंदर छत की कुंडी से रस्सी के सहारे लटका मिला। घटना का पता उस समय चला जब उसकी मां कुशमावती देवी खेत से धान की निराई कर शाम को घर लौटीं। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक आवाज लगाने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला तो उन्होंने खिड़की से झांककर देखा। अंदर का दृश्य देखकर वह स्तब्ध रह गईं और शोर मचाया।
सूचना पर परसामलिक थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर युवक को नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों के अनुसार मृतक राजीत मानसिक रूप से पूरी तरह स्वस्थ नहीं था। उसके पिता रामरूप चौधरी और बड़ा भाई इन्द्रजीत रोज़गार के सिलसिले में कानपुर में रहते हैं। घटना की सूचना मिलते ही दोनों परिवार के पास लौट रहे हैं। बेटे की मौत की खबर से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में भी मातम पसरा हुआ है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।









