पूर्व मंत्री टिबड़ेवाल ने मृतकों के परिजनों से मिलकर बंधाया ढांढस, दी आर्थिक सहायता

पूर्व मंत्री सुशील कुमार टिबड़ेवाल मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता देते हुए।

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज। कोठीभार थाना क्षेत्र के ग्राम बरवा द्वारिका के पास 24 जुलाई की रात हुए भीषण सड़क हादसे में जान गंवाने वाले ग्राम रजवल मदरहा निवासी कृष्णा और उनके चचेरे भाई शिवलाल के परिवारों से मंगलवार को समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री सुशील कुमार टिबड़ेवाल ने मुलाकात की। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना देते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।

पूर्व मंत्री टिबड़ेवाल मृतकों के पैतृक आवास पहुंचे, जहां परिवार के सदस्यों से घटना की जानकारी ली। इस दौरान घर का माहौल बेहद गमगीन था। परिजनों ने बताया कि हादसे के कई दिन बीत जाने के बावजूद अब तक कोई जिम्मेदार प्रशासनिक अधिकारी उनके घर नहीं पहुंचा है और न ही सरकारी सहायता उपलब्ध कराई गई है।

परिवार की पीड़ा सुनने के बाद सुशील कुमार टिबड़ेवाल ने दोनों पीड़ित परिवारों को ₹5,000-₹5,000 की आर्थिक सहायता प्रदान की। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में समाजवादी पार्टी परिवार के साथ खड़ी है और भविष्य में भी हरसंभव सहयोग किया जाएगा। साथ ही उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा और सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग करने का आश्वासन दिया।

मुलाकात के दौरान ग्रामीणों ने गांव की बदहाल सफाई व्यवस्था का मुद्दा भी उठाया। लोगों ने बताया कि गांव की नालियां जाम और क्षतिग्रस्त हैं तथा नियमित सफाई नहीं होने से गंदगी की समस्या बनी रहती है। इस पर पूर्व मंत्री ने संबंधित अधिकारियों से समस्या के समाधान की बात करने का भरोसा दिया।

इस अवसर पर सपा जिलाध्यक्ष विद्या सागर यादव, प्रवीण सिंह, सहजाद, शैलेश अग्रवाल, सुरेंद्र भारतीय, जाफर अली, अमरनाथ यादव, हिरालाल, राजन यादव, रघुवर यादव, फिरोज अहमद, राकेश यादव, अशोक चौहान, अहमद हुसैन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]