खड्डा, कुशीनगर। खड्डा क्षेत्र में अलग-अलग घटनाओं में सांप के काटने से एक 40 वर्षीय महिला और 8 वर्षीय बच्चा घायल हो गए। दोनों घटनाओं के बाद परिजनों ने बिना देरी किए दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुर्कहा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है।
पहली घटना में पूनम, पत्नी परसा बहोर छपरा, उम्र करीब 40 वर्ष अपने गांव के एक घर से नहर वाले घर की तरफ जा रही थीं। इसी दौरान रास्ते में अचानक सांप ने उनके दाहिने पैर में काट लिया। सांप के काटने के बाद पूनम घबरा गईं और रोने लगीं। उन्होंने घटना की जानकारी घरवालों को दी, जिसके बाद परिजन आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुर्कहा लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों द्वारा उनका उपचार किया जा रहा है।
वहीं, दूसरी घटना करदा तिवारी टोला में हुई। यहां 8 वर्षीय आदित्य गौतम पुत्र अशोक गौतम घर से दुकान पर सामान खरीदने जा रहा था। रास्ते में अचानक उसका पैर सांप के ऊपर पड़ गया। इसके बाद सांप ने उसके बाएं पैर में काट लिया। घटना के बाद बच्चे को लेकर परिजन तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुर्कहा पहुंचे।
दोनों मामलों में चिकित्सकों द्वारा उपचार किया जा रहा है। लगातार सामने आ रही सांप के काटने की घटनाओं के बीच ग्रामीणों में भी दहशत का माहौल है। बरसात के मौसम में ग्रामीणों से सावधानी बरतने और सांप के काटने की स्थिति में झाड़-फूंक के बजाय तत्काल अस्पताल पहुंचने की अपील की जाती है।









