कुशीनगर : जिले के शाहपुर खलवापट्टी गांव में लंबे समय से चली आ रही बिजली समस्या को लेकर ग्रामीणों द्वारा किया जा रहा धरना सोमवार को समाप्त हो गया। फाजिलनगर विधायक सुरेंद्र सिंह कुशवाहा के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने अपना आंदोलन वापस लेने का निर्णय लिया। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए बिजली व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की थी।
ग्रामीणों के अनुसार गांव में लगा 25 केवी का ट्रांसफार्मर लगभग 200 विद्युत कनेक्शनों का भार वहन कर रहा है। अत्यधिक लोड के कारण ट्रांसफार्मर बार-बार जल जाता है, जिससे क्षेत्र में लंबे समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रहती है। ग्रामीणों का कहना है कि विशेष रूप से बाजार टोला में पिछले करीब एक महीने से बिजली आपूर्ति गंभीर रूप से प्रभावित है।
बिजली संकट से परेशान ग्रामीणों ने मांग उठाई कि वर्तमान 25 केवी ट्रांसफार्मर की जगह 63 केवी क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाया जाए। उनका कहना है कि इससे बढ़े हुए विद्युत भार के अनुरूप आपूर्ति सुनिश्चित होगी और ट्रांसफार्मर बार-बार खराब होने की समस्या से राहत मिलेगी।
यह धरना-प्रदर्शन ग्राम प्रधान संतोष कुशवाहा के नेतृत्व में आयोजित किया गया था। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने के कारण उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।
सोमवार को धरना स्थल पर पहुंचे विधायक सुरेंद्र सिंह कुशवाहा ने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने जल्द से जल्द विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त कराने तथा आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया। विधायक ने कहा कि ग्रामीणों की समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा।
विधायक के आश्वासन के बाद ग्राम प्रधान संतोष कुशवाहा और अन्य ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर दिया। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि जल्द ही 63 केवी का ट्रांसफार्मर स्थापित कर बिजली आपूर्ति को सुचारु बनाया जाएगा।
हालांकि अब सभी की निगाहें विद्युत विभाग की कार्रवाई पर टिकी हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो उन्हें फिर से आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ सकता है।
जिला प्रभारी – प्रेम सिंह









