खड्डा में FLN प्रशिक्षण के तीसरे बैच का पांच दिवसीय प्रशिक्षण शुरू, 100 शिक्षक ले रहे भाग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कुशीनगर : खड्डा में फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमेरेसी (FLN) के तीसरे बैच का पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम बुधवार से शुरू हो गया। प्रशिक्षण में लगभग 100 प्रतिभागी शिक्षकों को दो बैचों में विभाजित किया गया है, जिसमें प्रत्येक बैच में करीब 50 शिक्षक शामिल हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों को FLN की अवधारणा, गतिविधियों और प्रभावी शिक्षण विधियों से परिचित कराना है।

प्रशिक्षण के प्रथम सत्र में खंड शिक्षा अधिकारी खड्डा उपस्थित रहे। इस दौरान FLN कार्यक्रम के विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रशिक्षण के लिए दो कक्ष निर्धारित किए गए हैं। कक्ष संख्या-1 में संजीव कुमार श्रीवास्तव, कुंवर प्रताप गुप्त और मनोज कुमार प्रशिक्षक के रूप में मौजूद रहे, जबकि कक्ष संख्या-2 में संजय सिंह, राजेश चौहान और शैलेश कुमार ने प्रशिक्षण की जिम्मेदारी संभाली।

संदर्भदाताओं ने FLN के अंतर्गत उपलब्ध शिक्षण सामग्री और गतिविधियों के माध्यम से कक्षा 1 से 5 तक के बच्चों में भाषा एवं गणितीय कौशल के विकास से संबंधित विषयों पर विस्तृत जानकारी दी। साथ ही प्रतिभागी शिक्षकों के साथ प्रशिक्षण की विषयवस्तु और विद्यालय स्तर पर इसके प्रभावी क्रियान्वयन पर भी चर्चा की गई।

खंड शिक्षा अधिकारी ने सभी प्रतिभागी शिक्षकों को प्रशिक्षण के दौरान समयपालन और नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशिक्षण से अनुपस्थित रहने या निर्धारित समय का पालन नहीं करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों को ऐसी शिक्षण तकनीकों से अवगत कराना है, जिनके माध्यम से बच्चों में आधारभूत साक्षरता और संख्यात्मक दक्षताओं का प्रभावी विकास सुनिश्चित किया जा सके।

शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि इस प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान और अनुभव का लाभ विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों को मिलेगा तथा FLN मिशन के लक्ष्यों को प्राप्त करने में सहायता मिलेगी।

 

प्रेम सिंह – जिला प्रभारी

और पढ़ें

[the_ad id="164"]